ग्वालियर। भारतीय जीवन बीमा निगम, मंडल कार्यालय, ग्वालियर में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में ग्वालियर शहर की महापौर शोभा सिकरवार, सिंधिया कन्या विद्यालय की प्राचार्या निशि मिश्रा, सेंट्रल बैंक ऑफ़ इंडिया की रीजनल हेड प्रियंका बंसल, ग्वालियर एलआईसी परिवार की राधा बंसल की सुपुत्री आयुषी बंसल, आईपीएस तथा पुलिस महकमें से हिना खान सीएसपी एवं सायबर सेल प्रभारी रजनी रघुवंशी प्रमुख रूप से उपस्थित रहीं।
ग्वालियर मंडल के विपणन प्रबंधक सुदेश कुमार पांडे ने सभी विशिष्ट अतिथियों का फ्रूट बुके एवं गमले युक्त पौधे देकर स्वागत किया। विशिष्ट महिला अतिथियों को ग्वालियर एलआईसी की महिला कर्मियों द्वारा शॉल ओढ़ाकर सम्मान किया गया।
इस अवसर पर महापौर शोभा सिकरवार ने कहा कि वे अपने परिवार के सभी लोगों की ऋणी है, जिन्होंने उन्हें आगे बढ़ने की प्रेरणा दी और आज ग्वालियर शहर के प्रथम नागरिक के रूप में स्थान दिलवाया। उन्होंने उपस्थित सभी लोगों से आह्वान किया कि महिला और पुरुष का विभेद भूल कर समाज और राष्ट्र के प्रगति में सभी को अपना योगदान देना चाहिए।
सिंधिया कन्या विद्यालय की प्राचार्या निशि मिश्रा ने कहा कि बच्चे अपनी शिक्षा ग्रहण करने के दौरान ही एक अच्छे नागरिक के रूप में संस्कारित होते हैं और अपने परिवार की महिलाओं यथा बहन, माता आदि के प्रति संस्कार सीखते हैं तथा आगे जाकर देश के अच्छे नागरिक बनते हैं।
सायबर सेल की प्रभारी रजनी रघुवंशी द्वारा सभी महिलाओं को वर्तमान में सायबर क्राइम के ऊपर बरती जाने वाली विभिन्न प्रकार की सावधानियां के ऊपर एक विस्तृत जानकारी उपलब्ध कराई गई। सीएसपी सुश्री हिना खान द्वारा कहा गया कि हमें बचपन से ही बच्चों में समानता की भावना और संस्कार विकसित करने चाहिए। ऐसा नहीं होना चाहिए की बच्ची है तो उसके लिए रोक-टोक की जाए और बच्चा है तो उसके लिए स्वतंत्रता रहे। उन्होंने आगे कि जितनी जिम्मेदारी महिलाओं की है उतनी ही जिम्मेदारी हमारे पुरुष साथियों की भी है कि महिलाओं के प्रति सम्मान की भावना प्रदर्शित करें और उन्हें आगे बढ़ने का मौका दें।
सेंट्रल बैंक की रीजनल हेड प्रियंका बंसल द्वारा महिलाओं के कार्यस्थल पर उन्हें विशेष रूप से ध्यान में रखने वाली सावधानियां और एक बेहतर वित्त प्रबंधन करने में महिलाओं की महती भूमिका के ऊपर प्रकाश डाला गया। एलआईसी परिवार से ताल्लुक रखने वाली कुमारी आयुषी बंसल, जिन्होंने यूपीएससी में देश में 180वीं रैंक हासिल करके आईपीएस में ज्वॉइन किया है, ने अपने उद्बोधन में कहा कि अपने पिता के आकस्मिक देहावसान के बाद उनकी माता द्वारा उनको दिए गए प्रोत्साहन और आगे बढ़ाने के लिए जो हौसला प्रदान किया गया उसका ही प्रतिफल है कि वे आज इस मुकाम पर हैं और आगामी माह में आईएएस के लिए प्रयासरत हैं। उन्होंने बताया कि कोई भी बालिका अगर अपने जीवन में थोड़ा सा प्रोत्साहन पाती है और कर्मठता के साथ अपने लक्ष्य के प्रति केंद्रित होकर प्रयास करती है तो उसे सफल होने से कोई भी नहीं रोक सकता। उन्होंने आज के इस कार्यक्रम में भारतीय जीवन बीमा निगम परिवार में सभी लोगों द्वारा दिए गए अपनत्व, प्रेम के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया।
कार्यक्रम के अंत में एलआईसी ग्वालियर मंडल के विपणन प्रबंधक सुदेश कुमार पांडे ने अपने उद्बोधन में कहा कि आज जब हम अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस को मनाने के लिए यहां एकत्रित हुए हैं, उस समय उनके मन में केवल एक ही विचार आता है कि अगर हम अपनी इंद्रियों, विशेष कर अपनी आंखों को वश में कर लें और उसके ऊपर पूरा नियंत्रण रहे तो समाज में बहुत सारी परेशानियों से बचा जा सकता है। हमें जो दिखाई देता है हम उसके आधार पर अपने मानस पटल पर कुछ छवि अंकित कर अपना विचार बनाते है, उसी अनुरूप आचरण करते हैं। अतः हमें अपनी इंद्रियों पर नियंत्रण रखते हुए अपने क्रिया कलाप पर एक बार पुनः मनन करने की आवश्यकता है।
ज्ञात हो कि भारतीय जीवन बीमा निगम अपने सामाजिक सरोकार के कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर अपनी भूमिका हमेशा से ही निभाते आ रहा है। आज इस अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्षय में दोपहर 1 बजे से ग्वालियर शहर की सभी महिला अभिकर्ताओं की एक बैठक भारतीय जीवन बीमा निगम मंडल कार्यालय के तृतीय तल पर में भी आयोजित की गई है।
ग्वालियर मंडल के वरिष्ठ मंडल प्रबंधक खलील अहमद द्वारा सांय 5ः00 बजे जिला सत्र न्यायालय में जाकर सभी महिला जजों को उनके कार्यस्थल पर जाकर सम्मानित किया जाएगा।
इसी कड़ी में सोमवार को सिंधिया कन्या विद्यालय में जाकर सभी महिला शिक्षिकाओं को सम्मानित करने का कार्यक्रम है। साथ ही महिला डॉक्टरों को भारतीय जीवन बीमा निगम द्वारा अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में सम्मानित करने का कार्यक्रम भी है।
आज के कार्यक्रम का संचालन अतुल अजनबी ने किया और सहयोग रिया मोखरीवाले, रजनी सहगल,सुनीता मिश्रा, शाहिद कुरेशी, दिनेश परमार,अनुपम तिवारी आदि ने किया। इस कार्यक्रम में भारतीय जीवन बीमा निगम मंडल कार्यालय ग्वालियर एवं स्थानीय शाखा कार्यालयों की सभी महिला कर्मचारी, अधिकारीगण मौजूद थीं।