ग्वालियर। आज रविवार को पूर्व केंद्रीय मंत्री और कांग्रेस के कद्दावर नेता स्व. माधवराव सिंधिया की 79वीं जयंती है। ग्वालियर में जिला कांग्रेस कमेटी कटोरा ताल स्थित सिंधिया राजवंश की छत्री पर पहुंची। कांग्रेसियों द्वारा स्वर्गीय माधवराव सिंधिया के नारे लगाए गए और उनकी तस्वीर पर पुष्पांजलि अर्पित करते हुए उन्हें नमन किया। इस मौके पर शहर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष डॉ देवेंद्र शर्मा, कांग्रेस विधायक डॉ. सतीश सिकरवार, पूर्व मंत्री भगवान सिंह यादव सहित कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौजूद रहे।
स्वर्गीय माधव सिंधिया को नमन करते हुए कांग्रेस जिला अध्यक्ष डॉ. देवेंद्र शर्मा का कहना है कि माधवराव सिंधिया विकास पुरुष के नाम से जाने जाते रहे हैं। उन्होंने ग्वालियर में विकास के नए आयाम स्थापित किए थे इसलिए आज सभी उन्हें नमन करने पहुंचे हैं। वहीं कांग्रेस विधायक डॉ. सतीश सिकरवार का कहना है कि स्वर्गीय माधवराव सिंधिया का व्यक्तित्व राजनीति के क्षेत्र के साथ ही जनता के बीच बहुत ही लोकप्रिय रहा है। उन्होंने ग्वालियर के साथ ही मध्य प्रदेश और देश के लिए राजनीति से ऊपर बढ़कर काम किया था इसलिए आज पूरा देश उन्हें याद कर रहा है। वहीं पूर्व मंत्री भगवान सिंह यादव ने भी उन्हें याद करते हुए कहा कि कांग्रेस सरकार में केंद्रीय मंत्री रहते हुए उन्होंने ग्वालियर के लिए विशेष रूप से काम किया था और आज पुरा ग्वालियर शहर के साथ ही प्रदेश और देश उन्हें याद कर रहा है।
वहीं कांग्रेस विधायक सतीश सिकरवार ने तंज कसते हुए यह भी कहा है कि माधवराव सिंधिया जीवन भर कांग्रेसी रहे हैं। बीच में उनका मतभेद रहा तो वह निर्दलीय चुनाव लड़े। कभी उन्होंने भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता स्वीकार नही की, वह सांप्रदायिक शक्तियों से जीवन भर लड़ते रहे। ऐसे में भारतीय जनता पार्टी उनके नाम पर क्यों दिखावा कर रही है। कार्यक्रम कर रही है। वह कांग्रेस के सिपाही थे और हमेशा रहेंगे। बीजेपी कुछ भी आरोप लगाती रहे भाजपा के आरोपों से हमें कोई फर्क नहीं पड़ता है, बीजेपी का काम यही है मुंह में राम बगल में छुरी।