ग्वालियर। केंद्रीय जेल की निर्वाह शाखा के छज्जे से टकराकर राइफल से चली गोली जाकर गिरी। जिस जगह गोली गिरी उस जगह बंदियों के साथ ही जेल कर्मचारियों की लगातार आवाजाही रहती है। गोली का पता चलते ही जेल में हड़कंप मच गया और पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच के बाद मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल यह पता नहीं चला है कि गोली कहां से चली और किसने चलाई है।
जानकारी के मुताबिक, बीती शाम 6ः30 बजे केंद्रीय जेल में कर्मचारी और बंदी निर्वाह शाखा के पास खड़े थे कि तभी अचानक उनके समीप एक चली हुई गोली जाकर गिरी। पहले गोली छज्जे से टकराई और फिर नीचे आई। गोली देखते ही अचानक हड़कंप मच गया और कोई दूसरी गोली वहां पर न आ गिरे इसे देखते हुए जिसे जहां जगह मिली वहां छुप गया। कोई भी कुछ देर तक बाहर नहीं आया कि गोली चलाने वाला दूसरा फायर न कर दे और इस बार वह गोली का शिकार हो जाएं। मामले का पता चलते ही जेल अफसर मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच के बाद मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अफसर और जेल प्रबंधन का मानना है कि चली हुई गोली हर्ष फायर की हो सकती है क्योंकि आसपास कुछ मैरिज गार्डन भी हैं और गोली इन गार्डन से चली हो सकती है। अब पुलिस आसपास आयोजित हुए कार्यक्रमों की जानकारी जुटा रही है। वहीं सीएसपी अशोक सिंह जादौन का कहना है कि एक राइफल की चली गोली निर्वाह शाखा के छज्जे से टकराकर नीचे आई है। घटना में कोई हताहत नहीं हुआ है। पुलिस ने शिकायत दर्ज कर ली है। पुलिस अब इस मामले में जांच पड़ताल कर रही है।